गर्मियों में ठंडा रहने के लिए पियें कुछ कूल-कूल-/ नीतू गुप्ता
गर्मियां आते ही सबका मन करता है जो खाएं, ठंडा खाएं, जो कुछ पिएं, ठंडा पिएं जिसको पीने से प्यास भी बुझे और अन्दर ठंडक भी मिले। आइए देखें क्या पिएं जिससे ठंडक भी मिले और स्वास्थ्य भी ठीक रहे।
लस्सीः- दही की लस्सी उत्तरी भारत का सबसे प्रिय पेय है। विशेषकर पंजाब में इसे लोग नियमित रूप से पीते हैं। दही की लस्सी बाजार में भी आसानी से मिल जाती है और घर में बनाना भी बहुत आसान है। लस्सी को आप अपने मन पसंद तरीकों से बना सकते हैं जैसे छाछ, नमकीन लस्सी, मीठी लस्सी, आम वाली लस्सी, रूहअफज़ा लस्सी और जीरा लस्सी, घर आए मेहमान को लस्सी पिला कर उसका मन जीत सकते हैं और गर्मी से राहत भी दिला सकते हैं।
नारियल पानीः- नारियल पानी (डाब) गर्मियों में उत्तम पेय है जो शरीर को स्फूर्ति और ठंडक देता है। गर्मियों में शरीर से निकलने वाले पसीने से जल और लवणों की कमी हो जाती है जिसे नारियल पानी पीने से दूर किया जा सकता है।
पन्ना:- पन्ना कच्चे आम से बनता है जो शरीर को ठंडक प्रदान करता है। पन्ना घर में भी थोड़ी सी मेहनत कर बनाया जा सकता है और बाजार से लाकर भी इसके सेवन का आनन्द उठाया जा सकता हैं। पन्ना गर्मी की लू से बचा कर रखता है।
फोटो : गूग्गल सौजन्य से
नींबू पानी (शिकंजवी) नींबू पानी बनाना सबसे सरल तरीका है। चाहें तो नींबू पानी थोड़े से नमक के साथ ले सकते हैं, चाहें तो चीनी और रूह अफज़ा के साथ। नींबू पानी शरीर को गर्मी की तपिश से बचाता है और विटामिन सी भी देता है। नींबू पानी में थोड़ी पुदीने की पत्तियां और भुना जीरा डाल देने से नमकीन शिकजंवी का स्वाद ही कुछ और होता है।
जलजीराः- बाजार में जलजीरा के पैकेट आसानी से मिलते हैं। जलजीरा पाउडर में जो मसाले डाले जाते हैं, सब उष्णता को शांत करने वाले होते हैं। इन्हें इच्छानुसार आवश्यकता होने पर पानी में घोलिए और बर्फ मिला कर इसका आनन्द लंे। बाजार में उपलब्ध घुले हुए जलजीरे का सेवन मत करें क्योंकि उसमें पड़े कच्ची बर्फ तथा पानी सेहत को लाभ पहुंचाने के स्थान पर हानि पहुंचा सकता है।
तरबूज का जूसः- तरबूज कई खनिजों की खान है जो शरीर के लिए लाभप्रद होते हैं। गर्मियों में तरबूज का जूस वरदान माना जाता है। यह स्वाद में भी अच्छा और स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है। तरबूज का ताजा रस बर्फ मिलाकर पीने में बहुत आनन्द आता है।
ठंडाई:- ठंडाई में कई चीज़ों का मिश्रण होता है जैसे बादाम, दूध, गुलाब की पत्तियां, छोटी इलायची आदि। ठंडाई तासीर में भी ठंडी होती है और स्वाद में भी अच्छी।
कोल्ड कॉफी:- वैसे तो काफी पीना सेहत के लिए नुक्सानदेह माना जाता है पर गर्मियों में कभी-कभी कोल्ड कॉफी गर्मी दूर भगाने के लिए पी जा सकती है। अब शरीर में एकदम कमजोरी महसूस हो तो एक कप या गिलास कोल्ड काफी आपको एनर्जी प्रदान करती है।
खस शर्बत:- खस शर्बत तो प्राचीन काल से ही गर्मी दूर भगाने के लिए अच्छा माना जाता है। खस शर्बत लू से बचाता है। उत्तर प्रदेश में खस शर्बत का प्रयोग पेय के रूप में अधिक किया जाता है।
जौ का सत्तू:- जौ तो वैसे ही ठंडक देने वाली होती है। जौ को आटे की तरह पीसकर उसमें चीनी, पानी और बर्फ मिला कर पीने से अच्छा लगता है। सतू को गरीबों का ड्रिंक माना जाता है। इससे पेट भी भरता है और अग्नि भी शांति होती है।
इन पेयों के अतिरिक्त आप फलों का शेक आदि भी ले सकते हैं जैसे मैंगो शेक, बनाना शेक, आदि। ये सब पेय गर्मी तो दूर करते हैं साथ में स्वास्थ्य को भी नुक्सान नहीं पहुंचाते। (स्वास्थ्य दर्पण)